"Seek Knowledge From Cradle To Grave"

Notice Detail

राष्ट्रीय सेवा योजना विशेष शिविर 2022 द्वितीय दिवस

हमीदिया गर्ल्स डिग्री कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों यूनिट 041,042,043 के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष शिविर 2022 के दूसरे दिन का सफलतापूर्वक समापन हुआ । दूसरे दिन के संपूर्ण कार्यक्रमों को दो सत्रों में विभाजित किया गया। प्रथम सत्र का प्रारंभ लक्ष्य गीत से हुआ। कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती शरमीन फातिमा ने स्वयं सेविकाओं को द्वितीय दिवस में होने वाली क्रियाकलापों से अवगत कराया और कठिन परिश्रम करना एवं समाज में सामंजस्य स्थापित करना जैसे जीवन के मूल्यों के बारे में बताया। प्रथम सत्र मे पॉलिथीन के प्रयोग को रोकने हेतु पेपर बैग एवं लिफाफा निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, साथ ही महिला सशक्तिकरण पर पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित हुई, निर्णायक मंडल द्वारा प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए प्रतिभागियों का चयन किया गया। निर्णायक मंडल में प्राचार्या प्रोफेसर यूसुफा नफीस, डॉ इरम फरीद उस्मानी, श्रीमती शरमीन फातमा एवं श्रीमती हिना फरहीन थी ।

द्वितीय सत्र का प्रारंभ पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भूमिका विषय पर प्राचार्या द्वारा संबोधन से प्रारंभ हुआ। उन्होंने स्वयं सेविकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना हमें हमारे समाज को जानने और कार्य करने के लिए अवसर देता है ।कठिन परिश्रम सफलता का आधार है। यह शिविर समाज का प्रतिनिधित्व करता है। सहयोग की भावना विकसित करता है। सामंजस्य स्थापित करने की प्रेरणा देता है। प्रतिभा को निखारने का अवसर देता है । पर्यावरण संरक्षण हमारा फर्ज है। प्रदूषण को रोकने के लिए हर मुमकिन प्रयास करना चाहिए। अपने आसपास चाहे महाविद्यालय परिसर, सड़क गली, मोहल्ला या घर हो स्वच्छता को अपनाएं। डॉ इरम फरीद उस्मानी ने स्वयं सेविकाओं को सार्वभौमिक मूल्य प्रेम, सहयोग, उदारता, करुणा, विश्वास, ईमानदारी, और पर्यावरण संरक्षण आदि से अवगत कराया साथ ही नेतृत्व के महत्व को भी समझाया । इसके पश्चात आशु भाषण प्रतियोगिता हुई। छात्राओं ने पर्यावरण से संबंधित टॉपिक जैसे प्रदूषण, ग्लोबल वार्मिंग, जनसंख्या वृद्धि ,वनोन्मूलन ,पर्यावरण संरक्षण के उपाय आदि पर अपने विचार रखे। अंत में द्वितीय दिवस का समापन राष्ट्रगान से हुआ।